फास्ट फूड बना जानलेवा: 11वीं की छात्रा की दर्दनाक मौत, परिवार में कोहराम
फास्ट फूड का लगातार सेवन किस कदर जानलेवा हो सकता है, इसका दर्दनाक उदाहरण उत्तर प्रदेश के अमरोहा से सामने आया है। यहां फास्ट फूड की लत ने एक होनहार छात्रा की जिंदगी छीन ली। अमरोहा के मोहल्ला अफगानान निवासी किसान मंसूर खान की सबसे छोटी बेटी अहाना अब इस दुनिया में नहीं रही। दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान अहाना की मौत हो गई।
अहाना पढ़ाई में बेहद होशियार थी और शहर के हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। परिवार में पिता के अलावा मां सारा खान, एक भाई और दो बहनें हैं। परिजनों के अनुसार अहाना को फास्ट फूड खाने का बेहद शौक था। घरवालों के बार-बार मना करने के बावजूद वह चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर जैसे जंक फूड का नियमित सेवन करती थी।
सितंबर महीने में अचानक अहाना की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे पेट में तेज और लगातार दर्द रहने लगा। 30 नवंबर को परिजन उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि उसकी आंतों में कई जगह छेद हो चुके हैं। डॉक्टरों ने इसका मुख्य कारण लंबे समय तक फास्ट फूड का सेवन बताया। हालत गंभीर होने पर छात्रा का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन सफल रहा और करीब दस दिन बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हालांकि घर लौटने के बाद भी अहाना की हालत में खास सुधार नहीं हुआ। वह लगातार कमजोर होती चली गई। चार दिन पहले अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे दिल्ली एम्स लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ, लेकिन रविवार रात अचानक हार्ट फेल होने से उसकी मौत हो गई।
अहाना के मामा गुलजार खान ने बताया कि डॉक्टरों ने साफ तौर पर फास्ट फूड को ही उसकी आंतों के खराब होने की वजह बताया। होनहार छात्रा की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।