हरिद्वार। योग गुरू बाबा रामदेव और आचार्य धीरेंद्र शास्त्री की जुगलबंदी आपने कुछ दिनों पहले देखी होगी। कुंडा में उन्होंने कहा था कि भगवान के अंशावतार हैं धीरेंद्र शास्त्री। मगर आज उन्होंने ऐसी कड़ी आलोचना की, जिससे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर के कान गर्म हो गए होंगे। ढोंगी, पाखंडी, धूर्त, मसखरा, लाफ्टर शो करने वाला से लेकर जितना भी वे संसदीय तरीके से कह सकते थे, सब कुछ कहा।
उनके गुस्से से एक बात समझ आई कि संभवतः उन्होंने भगवान की तुलना और फिजूल की सखा भक्ति वाले भाव को लेकर बागेश्वर बाबा को समझाया होगा। मोस्ट डिमांडिंग बाबा इन दिनों कहाँ किसी की सुन रहा है, उसने कुंडा के बाद फिर बोल दिया कि, “फिर कहता हूँ, कृष्ण टेढ़े हैं।” बस, बाबा रामदेव को लग गया कि अगला तो सायास उन्हें चिढ़ा रहा है। आज उसके जवाब में उन्होंने भी भरपूर लानतें भेजीं।
जनता को आगाह करते हुए कहा, “कई बार शासन में भी कुछ लोग गलत हो जाते हैं। अनुशासनहीनता में जीवन का विनाश है। इसलिए सबसे बड़ा है, आत्मानुशासन।” उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने न वेद पढ़ा है और न पुराण पढ़े हैं। (यह बात मैं भी बीते कई सालों से अरबपति कथा वाचकों के लिए लिखता आ रहा हूँ।)
ऐसे लोग खड़े होकर कुछ न कुछ बकवास करते रहते हैं। यहीं नहीं रुके बाबा। आगे उनका शब्दशः देखिये- “अरे तू खुद को ही बचा ले बावले। पाखंडी कहीं का, धूर्त। सनातन के नाम पर लोगों को भड़काने वाले पाखंडी कथाकार धार्मिक उन्माद पैदा करके उनका शोषण कर रहे हैं।” अब ये अगर हम-आप कहते हैं, तो जितनी तरह की आईटी सेल हैं, वे हमें सनातन विरोधी साबित करने में जुट जाती हैं। बढ़िया है… ऐसे ही एक-दूसरे की पोल खोलते रहिए। जनता खुद-ब-खुद जागरूक होती चली जाएगी।